बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबिम्ब ऐप से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संगठित तरीके से लोगों को बैंक अधिकारी और क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर फोन करते थे तथा झांसा देकर ठगी की कोशिश करते थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 7 जुलाई को साइबर थाना, साइबर टीम और तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पटेलनगर निवासी रोहित कुमार दास और अंबेडकरपुरी, चास निवासी अर्जुन कुमार दास को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद तथा मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस साइबर ठगी गिरोह में कई अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना, बोकारो में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










