झारखंड में 14वीं JPSC परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। रांची में बुधवार को पहले भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसी दौरान पथराव की घटना भी सामने आई, जिसमें एक मीडियाकर्मी घायल हो गए। घायल पत्रकार की पहचान संजय टोप्पो के रूप में हुई है, जो जी मीडिया में वीडियो जर्नलिस्ट के तौर पर कार्यरत हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर भी फेंके गए, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की और हालात बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। JPSC परीक्षा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदलता नजर आ रहा है।









