बूढ़ा पहाड़ नक्सल मुक्त – वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने किया विकास और सुरक्षा का जायजा

Share this News:

बूढ़ा पहाड़ नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद जमीनी हकीकत जानने के लिए झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बूढ़ा पहाड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वहां तैनात सुरक्षाबलों का हौसला भी बढ़ाया। दौरे के क्रम में मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह एवं बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रदीप सिंह को 5,000 रुपये तथा वीरेंद्र पासवान को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि अपने निजी स्तर से प्रदान की। मंत्री ने टेहरी पंचायत के मुखिया बिनको टोप्पो के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान 11 गांवों की स्थिति और वहां संचालित विकास योजनाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन गांवों में विकास कार्यों की गति तेज की जाए और योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। दौरे के दौरान मंत्री ने कहा कि लगभग दो दशक पहले वे कुल्ही आए थे और तभी से उनका सपना बूढ़ा पहाड़ आने का था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उन्होंने इस क्षेत्र का दौरा किया है, ताकि जमीनी हकीकत को समझा जा सके।

उन्होंने बीडीओ अमित कुमार और सीओ राकेश भूषण सिंह को स्पष्ट निर्देश दिया कि बूढ़ा पहाड़ के विकास के लिए घोषित सभी योजनाओं की जल्द समीक्षा कर उन्हें प्रभावी रूप से लागू किया जाए। साथ ही मुखिया बिनको टोप्पो को क्षेत्र की समस्याओं से प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराने को कहा गया। मंत्री ने विश्वास जताया कि अगले एक वर्ष के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से नक्सल प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ अब काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभी भी प्रयास जारी हैं।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *