तेल जमाखोरी पर एक्शन: पंपों पर कड़ी निगरानी, सीमित होगी बिक्री

Share this News:

झारखंड में पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. पेट्रोल पंपों से सर्विस टैंक यानी वाहनों के फ्यूल टैंक में जितना तेल आ सकता है, उतना पेट्रोल-डीजल ले सकते हैं. लेकिन, इससे अधिक नहीं ले सकते हैं. इसके लिए तेल पर पहरा लगा दिया गया है. तेल कंपनियां हर पेट्रोल पंपों की निगरानी कर रही हैं. एक बार में किसी व्यक्ति या संस्था को बहुत अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल की बिक्री न हो, इस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. अधिक मात्रा में तेल लेकर कोई भी व्यक्ति इसकी जमाखोरी करके ऊंचे दामों पर बिक्री न करे, इसके लिए यह कड़ाई की गई है.

कंपनियों ने जारी किया आंतरिक निर्देश
तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंपों के लिए आंतरिक निर्देश जारी किया है. कहा है कि 300 लीटर से अधिक डीजल की बिक्री के लिए स्वचालित इंटरलॉक लागू कर दिया गया है. सुनिश्चित करें कि एक ग्राहक को डीजल की आपूर्ति हर लेन-देन 300 लीटर या उससे कम तक सीमित हो. ऐसा नहीं करने पर सिस्टम ऑटोमैटिक लॉक हो जाएगा. इसके अलावा, औद्योगिक ग्राहक को डीजल न दें. ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ औद्योगिक ग्राहक खुदरा दुकानों में स्थानांतरित हो रहे हैं. इसकी निगरानी मुख्यालय कर रही है.

नए ग्राहकों को अधिक मात्रा में तेल देने से बचें
तेल कंपनियों का मौखिक आदेश है कि अधिक मात्रा में तेल लेने वाले पुराने ग्राहकों से ही लेन-देन करें. खास कर अस्पतालों और बैंक्वेट हॉल जो पुराने ग्राहक हैं, उन्हें तेल उपलब्ध कराएं. ऐसे संस्थान एक बार में 300-400 लीटर डीजल ले सकते हैं. जबकि, नए ग्राहकों से बचने का मौखिक आदेश दिया गया है.

इंडस्ट्रियल डीजल वाले ग्राहक लगा रहे जुगाड़
इंडस्ट्रियल डीजल महंगा हो गया है. इस कारण फैक्टरी चलाने वाले संस्थान सामान्य पंपों से डीजल लेना चाह रहे हैं. इसके लिए लगातार जुगत लगा रहे हैं. रांची के पंपों में डीजल 92.62 रुपये प्रति लीटर है. जबकि, झारखंड में अलग-अलग जिलों में इंडस्ट्रियल डीजल 138-152 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.

औसतन बिक्री के अनुसार तेल उपलब्ध करा रही कंपनियां
कोई भी पेट्रोल पंप अधिक मात्रा में कहीं भी तेल की बिक्री न करे, इसके लिए तेल कंपनियां औसतन बिक्री के अनुसार ही तेल उपलब्ध करा रही हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *