रांची में प्रकृति प्रेमियों की पसंद, लोक भवन उद्यान में बड़ी भीड़

Share this News:

राजधानी रांची स्थित लोक भवन उद्यान आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. 10 फरवरी 2026 को लोक भवन उद्यान में कुल 10 हजार 848 लोगों ने भ्रमण और परिदर्शन किया. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह दिखाती है कि शहरवासियों के बीच यह उद्यान तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. लोक भवन उद्यान को आम नागरिकों के लिए 15 फरवरी 2026 तक खोले जाने का निर्णय लिया गया है. इस दौरान लोग प्राकृतिक वातावरण, हरियाली और सुव्यवस्थित उद्यान का आनंद ले रहे हैं. परिवार के साथ घूमने आने वाले लोगों के साथ-साथ बच्चे, बुजुर्ग और युवा भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं.

उद्यान भ्रमण का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तय किया गया है. लोक भवन उद्यान में प्रवेश के लिए लोगों को गेट संख्या 2 से आना होता है. सुरक्षा जांच के बाद दोपहर 1 बजे तक उद्यान में प्रवेश की अनुमति दी जाती है, ताकि लोग निर्धारित समय के भीतर आराम से भ्रमण कर सकें. शहर के लोगों का कहना है कि लोक भवन उद्यान खुलने से उन्हें एक साफ-सुथरा, सुरक्षित और शांत वातावरण मिला है, जहां वे रोजमर्रा की भागदौड़ से कुछ समय के लिए दूर रहकर प्रकृति के बीच समय बिता सकते हैं. खासकर बच्चों के लिए यह स्थान सीखने और घूमने का अच्छा अवसर बन गया है.

प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. जिससे कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. उद्यान में साफ-सफाई, सुरक्षा जांच और भीड़ नियंत्रण पर लगातार नजर रखी जा रही है. लोक भवन उद्यान का आम लोगों के लिए खुलना रांची शहर के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है. आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के यहां पहुंचने की संभावना है. लोग समय का ध्यान रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन कर उद्यान भ्रमण कर सकते हैं और इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *