स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड पुलिस के 29 जांबाजों का सम्मान, एक को राष्ट्रपति पदक और पांच को वीरता सम्मान

Share this News:

रांची: स्वतंत्रता दिवस झारखंड पुलिस के लिए इस बार भी गौरव का अवसर लेकर आ रहा है. 15 अगस्त 2026 को राज्य के उन पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के जरिए पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है. पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में कुल 29 अधिकारी-कर्मियों के नाम शामिल हैं. इनमें राष्ट्रपति पदक, वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक पाने वाले पुलिसकर्मी शामिल हैं.

कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पदक

विशिष्ट सेवा के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रपति पदक (PPM) के लिए अवर निरीक्षक कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ का चयन किया गया है. वर्तमान में वह झारखंड सशस्त्र पुलिस बल-1, रांची में पदस्थ हैं. उन्हें यह सम्मान विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाएगा.

पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक

वीरता के लिए पदक पाने वालों में लातेहार और जामताड़ा में तैनात पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं. इनमें विनय कुमार, प्रमोद कुमार राय, आरक्षी/175 पेद प्रकाश महतो, रामचन्द्र कुमार महतो और आरक्षी कृष्णा मुर्मू के नाम शामिल हैं. इन सभी को Gallantry Medal (GM) के लिए चयनित किया गया है.

सराहनीय सेवा के लिए 23 पुलिस अधिकारी-कर्मी

सबसे अधिक संख्या सराहनीय सेवा पदक (MSM) पाने वालों की है. इस श्रेणी में 23 पुलिस अधिकारी-कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा. इनमें पुलिस महानिरीक्षक स्तर से लेकर पुलिसकर्मी तक शामिल हैं. सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईपीएस डॉ माइकलराज एस, आईपीएस अन्नपू विजायलक्ष्मी, आईपीएस अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल है.

इसके अलावा नीरज कुमार, अरुण कुमार, अरविंद कुमार पालित, वाशिष्ट कुंवर, संजय कुमार झा, विजय कुमार, मो इरफान, द्वारका मंडल, मानती खलखो, प्रभा देवी, मनोज कुमार राय, असीत कुमार मोदी, दीपक मुंडा, महेंद्र महतो, हवलदार विजय थापा, रंजिता कुजूर, विदेशी मांझी, अजय कुमार दुबे, पूजा अंडा और दीपक कुमार सिंह शामिल हैं. ये अफसर और कर्मी पुलिस मुख्यालय, एटीएस, एसटीएफ, विशेष शाखा, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखंड सशस्त्र पुलिस बल, संचार एवं तकनीकी सेवाएं तथा रांची, गढ़वा, चतरा, गुमला और अन्य स्थानों पर तैनात हैं.

13 अगस्त तक रांची एसएसपी को रिपोर्ट करेंगे पदक विजेता

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पदक प्राप्त करने वाले अधिकारी और कर्मी 13 अगस्त 2026 की अपराह्न तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करें. यदि किसी अधिकारी या कर्मी का इस बीच स्थानांतरण या पदस्थापन हो गया है, तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक या नियंत्रक पदाधिकारी को इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

पदक पहनकर शामिल होंगे पुलिस अधिकारी-कर्मी

स्वतंत्रता दिवस के अलंकरण समारोह को लेकर भी पुलिस मुख्यालय ने ड्रेस कोड तय किया है. अवर निरीक्षक स्तर से ऊपर के पुलिस पदाधिकारी Ceremonial Dress (Review Order ‘B’), पीक कैप, सम ब्राउन और क्रॉस बेल्ट के साथ पदक धारण कर समारोह में शामिल होंगे. वहीं अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी Proper Working Uniform में अपने प्राप्त पदक धारण कर उपस्थित रहेंगे.

वीरता से सेवा तक सम्मानित होंगे पुलिस के चेहरे

स्वतंत्रता दिवस पर मिलने वाले ये पदक सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि कर्तव्य के प्रति समर्पण, साहस और उत्कृष्ट पुलिस सेवा की पहचान हैं. इस बार झारखंड पुलिस के अलग-अलग विंग और जिलों से चुने गए इन 29 अधिकारी-कर्मियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा. किसी ने जोखिम के बीच वीरता दिखाई तो किसी ने वर्षों की उत्कृष्ट सेवा से विभाग का मान बढ़ाया. अब स्वतंत्रता दिवस के मंच पर इन पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण को सम्मान मिलेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *