धोनी के रांची फार्म हाउस में घुसा 18 साल पुराना कोबरा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया

Share this News:

रांची: क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और शांत स्वभाव के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी का रांची स्थित फार्म हाउस एक अलग वजह से चर्चा में आ गया. रातू के दलादिली स्थित फार्म हाउस परिसर में अचानक एक कोबरा सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही वहां मौजूद कर्मचारियों के बीच हलचल बढ़ गई. आनन-फानन में स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को इसकी सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम फार्म हाउस पहुंची. पहले सांप की लोकेशन का जायजा लिया गया और फिर काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया. रेस्क्यू एक्सपर्ट के अनुसार, पकड़े गए कोबरा की उम्र लगभग 18 साल है. रेस्क्यू के दौरान उसके शरीर पर मामूली चोट आई. सांप को पकड़ने के बाद उसकी प्राथमिक देखभाल की गई. इसके बाद उसे फार्म हाउस से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया.

स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट ने लोगों से की अपील

सांप के फार्म हाउस में मिलने की खबर आसपास के लोगों तक पहुंची तो मौके पर भीड़ जमा हो गई. राहत की बात रही कि सांप को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. घटना के वक्त धोनी के परिवार का कोई सदस्य फार्म हाउस में मौजूद नहीं था.

स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने बताया कि उन्हें फोन आया था कि महेंद्र सिंह धोनी के फार्म हाउस में कोबरा सांप घुस आया है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि सांप को रेस्क्यू करने में काफी परेशानी हुई, लेकिन सावधानी के साथ उसे पकड़ लिया गया और बाद में जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया.

नारायण प्रमाणिक ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी इलाके या घर के आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश न करें. घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू एक्सपर्ट को सूचना दें. इससे सांप को भी बचाया जा सकता है और लोगों को भी अनावश्यक खतरे से दूर रखा जा सकता है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *