चुनावी मैदान से सीधे जेल: बक्सर में ASP प्रत्याशी अनिल प्रधान की गिरफ्तारी, समर्थकों में नाराज़गी

Share this News:

बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन राजपुर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी और भीम आर्मी से जुड़े अनिल प्रधान को पुलिस ने नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में तनाव और उनके समर्थकों में आक्रोश देखा गया।

बक्सर अनुमंडल कार्यालय से बाहर निकलते ही नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान समर्थकों ने पुलिस हिरासत में ही उन्हें फूल-माला पहनाई और नारेबाजी की।

गिरफ्तारी पर प्रत्याशी ने कहा यह लोकतंत्र की हत्या
गिरफ्तारी के बाद अनिल प्रधान ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने राजपुर सुरक्षित सीट से नामांकन किया है, लेकिन पुलिस ने बिना कोई कागजात या नोटिस दिखाए उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके अनुसार, कारण पूछने पर पुलिस ने कहा, ‘मैं वर्दी में हूं, मेरे साथ चलिए।’ प्रधान ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बताया।

समर्थकों ने राजनीतिक साजिश का लगाया आरोप
समर्थकों ने आरोप लगाया कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और पुलिस ने बिना वारंट या नोटिस के कार्रवाई की है।

फर्जीवाड़े,धोखाधड़ी और जान से मारने जैसे गंभीर मामलों के हैं आरोपी
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी एक पुराने मामले से हुई है। पीड़िता ने उन पर फर्जी आधार कार्ड बनवाने, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। पीड़िता ने मार्च महीने में नगर थाना में मामला दर्ज कराया था।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *