बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री एवं एनडीए प्रत्याशी श्रवण कुमार ने अपने परिवार के साथ नालंदा जिले के पैतृक गांव बेन स्थित बूथ संख्या 271 पर मतदान किया।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने दावा किया कि एनडीए इस बार 90 से 99 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और सुशासन की राजनीति को स्वीकार किया है।
श्रवण कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा इस बार महागठबंधन का सुपड़ा पूरी तरह साफ हो जाएगा। एनडीए सरकार ने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और खेल अकादमियां स्थापित की गई हैं। नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्जीवन भी एनडीए सरकार की ही देन है।”
खेसारी लाल यादव के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा, “जो लोग राम मंदिर जैसे आस्था के विषय पर बयानबाजी कर रहे हैं, उनका कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं है। नाचने-गाने वाले कभी कलेक्टर नहीं बनते। मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे आस्था के केंद्र हैं – किसी को भी दूसरों की आस्था पर चोट पहुंचाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, अगर खेसारी लाल यादव के हिसाब से सब लोग नाचने-गाने लगें तो बिहार की तरक्की रुक जाएगी। असली विकास ज्ञान, शिक्षा और अध्यात्म से होता है, न कि मनोरंजन से।









