बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने शुक्रवार को पटना के होटल मौर्या में अपना संकल्प पत्र जारी किया. NDA का मेनिफेस्टो 69 पन्नों का है. सीएम नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संयुक्त रूप से यह घोषणा पत्र जारी किया. जिसमें अगले पांच वर्षों में बिहार को “विकसित और आत्मनिर्भर राज्य” बनाने का विजन प्रस्तुत किया गया. एनडीए ने युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए सशक्तिकरण, किसानों के लिए सम्मान निधि और औद्योगिक क्रांति जैसी कई बड़ी घोषणाएं की हैं.
सीतापुरम के रूप में विकसित होगा सीतामढ़ी
संकल्प पत्र में “न्यू पटना” को एक ग्रीनफील्ड शहर के रूप में विकसित करने और प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप बनाने की योजना है. इसके अलावा, मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा.
विदेशी उड़ान और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार
एनडीए ने वादा किया है कि बिहार से सीधी विदेश उड़ानों की सुविधा दी जाएगी. पटना के पास ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जाएगा. दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर को भी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा. 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानें शुरू की जाएंगी और 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा लाई जाएगी.
औद्योगिक क्रांति और निवेश
“विकसित बिहार औद्योगिक मिशन” के तहत ₹1 लाख करोड़ के निवेश से राज्य में नई औद्योगिक क्रांति लाने का लक्ष्य है. हर जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी. 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित होंगे. “विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान” बनाया जाएगा.
न्यू-ऐज इकोनॉमी: बिहार को ग्लोबल हब बनना
एनडीए ने अगले पांच वर्षों में बिहार को “न्यू-ऐज इकोनॉमी” का केंद्र बनाने का वादा किया है. राज्य को वैश्विक बैकएंड हब और ग्लोबल वर्कप्लेस बनाने के लिए ₹50 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करने की योजना है.
गरीबों के लिए ‘पंचामृत गारंटी’
एनडीए ने गरीबों के लिए पांच गारंटी दी हैंमुफ्त राशन
125 यूनिट मुफ्त बिजली
₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
50 लाख नए पक्के मकान
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
एनडीए का यह संकल्प पत्र बिहार के हर वर्ग युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को साधने वाला दिख रहा है. 1 करोड़ नौकरियों से लेकर 1 करोड़ ‘लखपति दीदी’ तक का वादा चुनावी जंग में नया एजेंडा तय करता नजर आ रहा है.










