पश्चिम चंपारण के सिकटा विधानसभा क्षेत्र में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एनडीए गठबंधन के जदयू प्रत्याशी समृद्ध वर्मा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यह सभा सिकटा हाई स्कूल के प्रांगण में आयोजित की गई थी, जहां मुख्यमंत्री के आगमन पर भारी भीड़ उमड़ी।
सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए का मतलब बिहार से जंगलराज का खात्मा है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश-मोदी की साझेदारी ने बिहार को जंगलराज और वंशवाद की राजनीति से मुक्त कराया है।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा,
लालू-राबड़ी अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को देश का प्रधानमंत्री। लेकिन मैं साफ कहना चाहता हूं – न लालू का बेटा बिहार का सीएम बनेगा, न सोनिया का बेटा देश का पीएम बनेगा। बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और दिल्ली में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं।
नीतीश कुमार ने विपक्ष पर गरीबों और युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग गरीबों का राशन और नौजवानों का रोजगार छीनते हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अब बिहार नक्सल-मुक्त हो चुका है, इसलिए राज्यभर में शाम 5 बजे तक मतदान संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने अंत में जनता से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशी समृद्ध वर्मा को भारी मतों से विजयी बनाएं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी।









