दीपावली की रात जहां एक ओर पूरा देश रौशनी और उत्सव में डूबा था, वहीं रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित मुडामु गांव से खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है। गांव के अखाड़ा में जुए में शामिल युवक सोमा उरांव की अज्ञात अपराधी ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात लगभग दो बजे घटी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक सोमा उरांव गांव के ही अखाड़ा में अन्य लोगों के साथ जुआ खेल रहा था। उसी दौरान दो हाथों में पिस्तौल लहराता एक अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और सोमा उरांव को बेहद नजदीक से कई गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलीबारी से डरकर आसपास मौजूद लोग मौके से भाग निकले।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक जांच टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
हत्या के पीछे आपराधिक इतिहास की पड़ताल
पुलिस के अनुसार, मृतक सोमा उरांव पूर्व में हत्या के दो मामलों में जेल जा चुका था और लगभग एक साल पहले ही रिहा होकर गांव में रह रहा था। ऐसे में पुलिस घटना के पीछे किसी पुराने रंजिश या आपसी दुश्मनी की आशंका भी जता रही है।
सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजन और ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
गांव में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
इस घटना के बाद मुडामु गांव और आस-पास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और हर पहलू से जांच जारी है।
यह वारदात एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में खुलेआम जुआ खेलने और बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सवाल खड़ा कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।










