रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने सतर्कता अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ रांची कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर “ऑपरेशन सतर्क” के तहत स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई 26 जनवरी 2026 को आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर एक व्यक्ति को ग्रे रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान बैग से करीब 15,900 रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बडावथ रवि (30 वर्ष), पिता पांडु, निवासी अदाविकेश्वापुर, थाना जंगांव, जिला वारंगल (आंध्र प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार ने मौके पर ही शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 27 जनवरी 2026 को उत्पाद विभाग, रांची को सौंपा जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक कमल दास, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, आर.के. सिंह, दिनेश प्रसाद और हेमंत शामिल रहे।










