गेमिंग ऐप और KYC के नाम पर ऑनलाइन ठगी, साइबर थाना ने दो गिरफ्तार किए

Share this News:

जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय संजय कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में दी.  

रंगे हाथ गिरफ्तार

बताया गया कि साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मो. फारूक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ी गांव स्थित गुलाम मुहम्मद के घर तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरियां गांव के समीप पलाश झुंड इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान दो साइबर अपराधियों को ऑनलाइन ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. 

आरोपी जामताड़ा के रहने वाले 

गिरफ्तार आरोपियों में बनगढ़ी निवासी  गुलाम मुहम्मद व डुमरियां निवासी मो मकबूल अंसारी शामिल हैं. दोनों आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं. इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 25/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस 2023, 66(B)(C)(D) आईटी एक्ट एवं 42(3)(e) टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. 

गेमिंग एप और केवाईसी अपडेट के नाम पर करते थे ठगी 

जांच में सामने आया है कि आरोपी गेमिंग एप के ग्राहकों को कॉल कर उन्हें झांसे में लेते थे. रिचार्ज कूपन के माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी करने के साथ-साथ अलग-अलग बैंकों का एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों के खातों से ठगी की जाती थी. इसके अलावा आरोपी जियो कस्टमर केयर अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों की गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे. बताया कि, इन साइबर अपराधियों का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ था. मामले की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

छापेमारी दल में ये थे शामिल 

इंस्पेक्टर मनीष कुमार गुप्ता, हवलदार बाबूराम मुर्मू, आरक्षी सुनील कुमार दास, राजेंद्र किस्कू, पवन कुमार दास, महिला आरक्षी लीलमुनी मरांडी, समिष्य देवी समेत आईआरबी के कई जवान शामिल थे. 

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *