अपहरण केस का खुलासा – जयंत सिंह की बेरहमी से हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share this News:

झारखंड के बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र से अपहृत जयंत कुमार सिंह की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए उनका शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेबियाघाटी से बरामद किया है।

दरअसल, 11 दिसंबर को हरला थाना में जयंत कुमार सिंह की पत्नी अमृता सिंह ने अपने पति के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में विनोद खोपड़ी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विनोद खोपड़ी द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं और उसी ने उनके पति का अपहरण किया। इस दौरान पीड़िता न्याय की आस में लगातार थाने के चक्कर लगाती रही।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी ओडिशा में छिपा हुआ है। बोकारो पुलिस की एक विशेष टीम ने ओडिशा में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान विनोद खोपड़ी ने जयंत कुमार सिंह की हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि शव को गिरिडीह जिले के जंगल में फेंका गया है।

इसके बाद सोमवार को आरोपी को साथ लेकर बोकारो पुलिस की टीम गिरिडीह पहुंची। पहले निमियाघाट थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, इसके बाद गिरिडीह पुलिस के सहयोग से पीरटांड़ थाना क्षेत्र के जलेबियाघाटी में छानबीन की गई, जहां से जयंत कुमार सिंह का शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, जयंत कुमार सिंह और आरोपी विनोद खोपड़ी के बीच वाहन की खरीद-बिक्री और वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि फोन पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जयंत का अपहरण किया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया।

उधर, शव की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बोकारो में आक्रोश का माहौल है। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बोकारो–रांची मुख्य मार्ग स्थित नया मोड़ को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आरोपी विनोद खोपड़ी ने सेल की जमीन पर अवैध कार्यालय बनाकर दबंगई और गुंडाराज कायम कर रखा था, जिसे तत्काल ध्वस्त किया जाना चाहिए।

फिलहाल, अपहृत ठेका कर्मी जयंत कुमार सिंह की हत्या के खुलासे के बाद बोकारो में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बोकारो से चन्दन सिंह की रिपोर्ट।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *