कैरव गांधी अपहरण केस: हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़, तीन अपराधी गोली लगने से घायल

Share this News:

झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात कारोबारी पुत्र कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई. यह मुठभेड़ साईं मंदिर जाने वाले रास्ते पर नाला के पास उस वक्त हुई, जब पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची थी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों को गोली लगी है. सभी घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हथियार बरामदगी के दौरान बिगड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले से पकड़े गए तीनों अपराधियों रमेश राजा, गुड्डू सिंह और मोहम्मद इमरान को बिष्टुपुर थाना पुलिस हथियार रिकवरी के लिए साईं मंदिर के पास नाला क्षेत्र में लेकर पहुंची थी. आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार इसी इलाके में छुपाकर रखे हैं. इसी दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और अपराधियों ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की.

पुलिस जवान से छीनी कार्बाइन, छह राउंड फायरिंग
पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने एक पुलिस जवान की कार्बाइन राइफल छीन ली और पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की फायरिंग अपराधियों के पैरों में लगी, जिससे तीनों बदमाश मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े.

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों को गंभीर हालत में टीएमएच और एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में किसी भी पुलिस अधिकारी या जवान को चोट नहीं आई.

घटनास्थल से दो पिस्तौल बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है. बरामद हथियारों की जांच की जा रही है कि इनका इस्तेमाल पहले किन-किन वारदातों में किया गया था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है और मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

एसएसपी और सिटी एसपी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई और उन्हें शाबाशी दी.

कैरव गांधी अपहरण कांड में अहम कड़ी
पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ कैरव गांधी अपहरण कांड की जांच में एक अहम कड़ी मानी जा रही है. पूछताछ के दौरान इन अपराधियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है. पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से अपहरण कांड के पीछे सक्रिय गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *