झारखंड में बैंक घोटाले का खुलासा: महिला समूहों की आड़ में शाखा प्रबंधक ने कर डाली करोड़ों की लूट

Share this News:

झारखंड के पलामू जिले में ग्रामीण बैंक की दंगवार शाखा से करोड़ों रुपये की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में फरार चल रहे शाखा प्रबंधक मनोज कुमार सिंह को पुलिस ने बिहार के सासाराम शहर के तकिया मुहल्ले से गिरफ्तार किया है।

आरोपी मनोज कुमार सिंह, बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कनौली गांव का निवासी बताया गया है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में दर्ज हेराफेरी मामले में वह कई महीनों से फरार चल रहा था। बुधवार देर रात पलामू पुलिस ने स्थानीय नगर थाना पुलिस की मदद से उसे सासाराम स्थित किराये के मकान से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पलामू लाया गया।

सहायक थानेदार रामजीवन कुमार ने बताया कि आरोपी शाखा प्रबंधक ने दंगवार शाखा में 11 महिला समूहों के ऋण खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकाल ली थी। जांच में सामने आया कि उसने ग्राहकों की जानकारी या सहमति के बिना उनके ऋण खातों की राशि उनके ही बचत खातों में ट्रांसफर की और फिर उन खातों से नकद निकासी कर ली।

इतना ही नहीं, आरोपी ने कई सावधि जमा खातों (STDR) को बिना अनुमति बंद कर ग्राहकों की मूल रसीदों के आधार पर फर्जी खाते खोल लिए। इन फर्जी खातों में रकम ट्रांसफर कर नकद निकासी की गई। बैंक सिस्टम में लेन-देन दर्ज थे, लेकिन रसीद और ट्रांसफर वाउचर मौजूद नहीं थे।

विभागीय जांच में लगभग ₹9.67 करोड़ की अनधिकृत निकासी का खुलासा हुआ। इसके बाद बैंक के वरीय प्रबंधक लक्ष्मण राणा ने इस संबंध में रिपोर्ट तैयार की। शाखा प्रबंधक आशीष रंजन की ओर से 24 जुलाई को हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान आरोपी मनोज कुमार सिंह ने बैंक को करीब ₹5.7 करोड़ रुपये वापस किए, लेकिन अब भी लगभग ₹1.5 करोड़ रुपये का हिसाब बाकी है। इसी रकम के साथ वह फरार चल रहा था। पुलिस अब उसके बैंक खातों और संपत्ति की जांच में जुट गई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *