DGP की समीक्षा बैठक के 12 घंटे बाद जमशेदपुर में फायरिंग, युवक को लगी गोली

Share this News:

जमशेदपुर शहर के सीतारामडेरा थाना इलाके में कल देर रात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की. इस घटना में एक युवक को गोली लगी है. पुलिस अपराधियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है.

जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं. पिछले एक हफ्ते में हुई कई आपराधिक घटनाओं की वजह से शहर चर्चा का विषय बना हुआ है. गुरुवार को झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा ने जमशेदपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर समीक्षा बैठक की थी और अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. फिर भी, DGP के जाने के सिर्फ 12 घंटे के भीतर ही बेखौफ अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी.

यह घटना कल देर रात सीतारामडेरा थाना इलाके के बाराद्वारी में हुई. हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की. इस घटना में आबिद हुसैन नाम के युवक को गोली लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक, आबिद अपने घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था, तभी उनके बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के बाद एक युवक स्कूटर पर आया और आबिद हुसैन पर फायरिंग कर दी. आबिद के बाएं हाथ में गोली लगी. जानकारी के अनुसार, कुल चार राउंड फायरिंग हुई. दो राउंड हवा में चलाए गए, जबकि दो गोलियां आबिद को लगीं.

घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है.

सीतारामडेरा के थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि घायल आबिद हुसैन को इलाज के लिए MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और फायरिंग करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है. उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *