खूंटी जिला स्थित संत मिखाइल महागिरजाघर के फादर बेनेडिक्ट बारला पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है. इस हमले में फादर बेनेडिक्ट गंभीर रूप से घायल हो गए है. वहीं, घटना के बाद उन्हें तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
विद्यालय के कार्यालय में मौजूद थे फादर
फादर बेनेडिक्ट बारला खूंटी स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्राचार्य हैं. जानकारी के अनुसार, वे रात में विद्यालय के कार्यालय में मौजूद थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान अवस्था में कार्यालय में पड़े रहे. सुबह जब कुछ लोग विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने फादर बेनेडिक्ट बारला को घायल अवस्था में देखा. इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी, एसडीपीओ समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हमले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल फादर बेनेडिक्ट बारला पर हमले के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों के संबंध में जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.










