₹3.75 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश: झारखंड सीआईडी ने बंगाल से आरोपी को दबोचा

Share this News:

रांची के सदर अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर से ₹3.75 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में झारखंड सीआईडी की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कांड में शामिल दूसरे आरोपी दीप मजुमदार (36 वर्ष) को पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के सालेकुदी, बाना-कुशमाडी से गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ठगी में उपयोग किए गए WhatsApp चैट रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। डॉक्टर ने 10 सितंबर 2025 को सीआईडी साइबर क्राइम थाना में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ठगों ने नामी वित्तीय संस्थानों के नाम पर नकली इनवेस्टमेंट और ट्रेडिंग ऐप्स, जैसे ‘FYERS HM’ के माध्यम से फर्जी ट्रेडिंग ऑफर चलाकर डॉक्टर को जाल में फंसाया। आरोपी ने पीड़ित को ‘FYERS SECURITIES PRIVATE LIMITED’ नामक एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा, जहां आकर्षक निवेश प्रस्ताव और नकली मुनाफा दिखाया गया ताकि भरोसा कायम हो सके।

इसके बाद पीड़ित को ‘FYERS’ नामक फर्जी ऐप डाउनलोड करने को कहा गया, जिसमें फर्जी मुनाफे का आंकड़ा दिखाकर उसे ठगा गया। डॉक्टर ने झांसे में आकर लगभग ₹3.75 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

सीआईडी की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बंधन बैंक खाते के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर 17 अलग-अलग केस दर्ज हैं। इनमें मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र के पीड़ित शामिल हैं। सीआईडी अब आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *