पटना. नागरिक उड्डयन विभाग ने सोनपुर (सारण) और अजगैबीनाथ धाम (भागलपुर) में प्रस्तावित नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए कंसल्टेंट (सलाहकार) चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. चयनित कंसल्टेंट संयुक्त माप सर्वेक्षण, जमीन के कागजात की जांच, सीधी जमीन खरीद में मदद, रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज और डिजिटल लैंड बैंक से जुड़े कार्य करेंगे.
जल्द नियुक्त होंगे कंसल्टेंट
संयुक्त माप सर्वेक्षण के तहत एयरपोर्ट के निर्माण के लिए चिह्नित की गयी जमीन की सटीक पैमाइश और माप की जायेगी. इससे जमीन की सही सीमा और क्षेत्रफल का आकलन किया जायेगा. टाइटल वेरिफिकेशन के तहत कंसल्टेंट द्वारा जमीन के मालिकाना हक और उससे जुड़े कानूनी दस्तावेजों की गहन जांच की जायेगी. ताकि, भविष्य में जमीन के स्वामित्व को लेकर किसी भी तरह का कानूनी विवाद या अड़चन पैदा न हो.
जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया भी होगी सरल
एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण या सीधी खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कंसल्टेंट पूरी सहायता और प्रशासनिक सुविधा प्रदान करेगा, ताकि जमीन मालिकों और सरकार के बीच समन्वय बेहतर तरीके से हो सके. जमीन की आधिकारिक रजिस्ट्री कराने, राजस्व रिकॉर्ड में दाखिल-खारिज कराने और उन जमीनों को डिजिटल लैंड बैंक में दर्ज करने से जुड़े तमाम कागजी व डिजिटल कार्यों को समय पर पूरा किया जायेगा . कंसल्टेंट के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 नवंबर निर्धारित की गयी है. पहले इसकी तारीख 22 अक्तूबर तक ही निर्धारित थी.










