मदद करने गए थे, खुद बाढ़ में फंसे पप्पू यादव! नाव नहीं मिली तो बोले- ‘तू कहां फंसा देहला हमरा के’

Share this News:

Pappu Yadav Stranded in Floods : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव इन दिनों बाढ़ पीड़ितों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं और उनकी मदद कर रहे हैं. बाढ़ प्रभावित इलाकों में पप्पू यादव दौरा कर रहे हैं. इसी कड़ी में देर रात पप्पू यादव पटना के दियारा इलाके में पहुंचे. जहां बाढ़ पीड़ितों के सहायता करने के दौरान खुद फंस गए. पप्पू यादव देर रात दियारा के क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे थे. इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी और 3 नाव लापता हो गए. बाढ़ के बीच पप्पू यादव अपने समर्थक लालू को खोजते नजर आए. पप्पू यादव ‘लालू कहां हो… तू कहां फंसा देहला हमरा के’ बोलते हुए नजर आए. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मदद करने गए पप्पू यादव खुद फंसे
दरअसल, बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव खुद भी बाढ़ के बीच फंस गए. मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने इलाके की बदहाल स्थिति का जिक्र किया. इस दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात लोग भी दूसरी नाव पर सवार बताए गए, जो दिखाई नहीं दे रही थी. बाढ़ प्रभावित इलाके में चारों तरफ पानी होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि नाव को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए.

पप्पू यादव ने जताई चिंता
पप्पू यादव ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर कहा कि कहीं बिजली नहीं है, कहीं मोमबत्ती तक उपलब्ध नहीं है. कई जगहों पर चूल्हा नहीं जल पा रहा है और लोगों के सामने बाथरूम की भी समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 दिनों से इलाके के हालात खराब हैं और बच्चे भी इसी स्थिति में रहने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि कई बच्चों को तेज बुखार है, लेकिन उन्हें फीवर की दवा तक नहीं मिल पा रही है. ऐसे में लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की चिंता सबसे ज्यादा जरूरी है.

लगातार बाढ़ पीड़ितों से मिल रहे पप्पू यादव
पटना जिले में गंगा और पुनपुन नदी के बढ़े जलस्तर से अलग-अलग इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. नौबतपुर और पुनपुन क्षेत्र में पुनपुन नदी के उफान से गांव, खेत और सड़कें प्रभावित हैं, जबकि दानापुर और मनेर के दियारा इलाके गंगा के बढ़े पानी से जूझ रहे हैं. बिहार के कई जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं. ऐसे में पप्पू यादव बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार दौरा कर रहे हैं और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर रहे हैं.

पुनपुन लोदीपुर में भी गए थे पप्पू यादव
हाल ही में पटना जिले के फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र के पुनपुन और लोदीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे थे. जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक मदद की.

पीड़ितों की आर्थिक मदद करते हैं सांसद
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पप्पू यादव ने कई सारे वीडियो शेयर किए हैं. जिसमें वो बाढ़ पीड़ितों से मिल रहे हैं और उनकी मदद कर रहे हैं. हाल ही में एक वीडियो सामने आया था जिसमें देखा गया कि वे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने में जुटे हैं. इतना ही नहीं, वह नोटों की गड्डियां लेकर पहुंचे थे और पीड़ितों के बीच 500-500 रुपये की मदद भी की. पप्पू यादव दीघा घाट के आसपास के इलाकों में पहुंचे थे.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *