मैंने अपने परिवार के लिए नहीं, बिहार के लिए किया काम – नीतीश का भावनात्मक संदेश

Share this News:

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने बिहार की पूर्व स्थिति और अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने किसी एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में बिहार के विकास की रफ्तार लगातार तेज हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहारवासियों ने 2005 से अब तक मुझे लगातार सेवा का अवसर दिया है। जब हमने जिम्मेदारी संभाली थी, तब ‘बिहारी’ कहलाना एक अपमान माना जाता था। हमने पूरी ईमानदारी और मेहनत से बिहार की छवि बदलने का काम किया है।”

उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार ने सभी वर्गों – हिंदू, मुस्लिम, ऊँची जाति, पिछड़ी, अति पिछड़ी, दलित और महादलित के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई हैं।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में यह भी कहा कि उन्होंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि बिहार की जनता की सेवा को ही प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, आज “बिहारी कहलाना अपमान नहीं, बल्कि सम्मान की बात” बन गई है।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि बिहार का समग्र विकास केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार ही सुनिश्चित कर सकती है, क्योंकि केंद्र और राज्य – दोनों जगह NDA की सरकार होने से विकास की गति दोगुनी हुई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *