लालू परिवार में कलह खुलकर सामने, रोहिणी के बयान पर जदयू का वार – बिहार की बेटी को दर्द

Share this News:

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इसके बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है. राजद ही नहीं, बल्कि पूरा बिहार इस मामले पर चर्चा कर रहा है. सोमवार को जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपने बीमार पिता को मानसिक पीड़ा दे रहे हैं. नीरज कुमार ने कहा कि रोहिणी आचार्य सिर्फ लालू परिवार की बेटी नहीं हैं, बल्कि पूरे बिहार की बेटी हैं. अब जब परिवार का अंदरूनी विवाद बाहर आ गया है तो यह चिंता की बात है.

लालू और राबड़ी आज लाचार – नीरज

नीरज कुमार ने कहा कि रोहिणी वही बेटी हैं जिन्होंने अपने पिता लालू यादव का जीवन बचाने के लिए उन्हें अपनी किडनी दी थी. नीरज कुमार ने पूछा कि क्या लालू यादव को राजनीतिक रूप से सीमित कर दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसी बेटी के मन में दर्द है तो मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

उन्होंने रोहिणी के एक वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें कुछ लोग उनके पैर छूते दिख रहे थे. नीरज कुमार के अनुसार ऐसे लोग उनके साथी या समर्थक होंगे और यह दिखाता है कि उनके भीतर भी असंतोष है. उन्होंने कहा कि लालू और राबड़ी आज लाचार दिखाई दे रहे हैं.

तेजस्वी यादव पर उन्होंने कहा कि उन्हें देखना चाहिए कि उनके आसपास कौन लोग हैं. जिन पर हत्या और अन्य गंभीर मामलों के आरोप हैं, वे आज उनके करीब दिखते हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने इसी कारण राजद को सबक सिखाया है.

माई-बहिन सम्मान योजना की शुरुआत घर से करें
जदयू की केसरिया से विधायक बनीं शालिनी मिश्रा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को ‘माई-बहिन सम्मान योजना’ की शुरुआत अपने घर से करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर वह अपने परिवार को संभाल नहीं सकते तो बिहार के नेतृत्व की बात करना उचित नहीं है.

शालिनी मिश्रा ने इस पूरे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि ऐसा किसी भी परिवार में नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि लालू यादव के परिवार में ऐसा हो सकता है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *