कोडरमा में देर रात हाथियों का हमला- महिला समेत दो की मौत, वन विभाग पर सवाल

Share this News:

झारखंड के कोडरमा में जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है. जिला मुख्यालय के मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में बुधवार देर रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. इस हमले में एक महिला और एक पुरुष की कुचलकर मौत हो गई. शहरी क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.

मरियमपुर में महिला की मौत, एक घायल
घटना के अनुसार कोडरमा थाना क्षेत्र के मरियमपुर आदिवासी बहुल इलाके में अचानक जंगली हाथियों का झुंड पहुंच गया. हाथियों को देखकर लोग भयभीत हो गए और इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान हाथियों ने 55 वर्षीय मनिया बिरहोरीन को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, आरती बिरहोरीन नामक एक अन्य महिला इस हमले में घायल हो गईं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

बोनाकाली में पुरुष को बनाया शिकार
मरियमपुर की घटना के बाद हाथियों का झुंड बोनाकाली इलाके की ओर बढ़ गया. यहां 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन को हाथियों ने अपना शिकार बना लिया. ग्रामीणों के मुताबिक, लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक यह दर्दनाक हादसा हो चुका था.

वन विभाग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई थी, लेकिन टीम समय पर पहुंचकर हाथियों को नियंत्रित करने में सफल नहीं हो सकी. इससे ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है.

जंगल से आए थे हाथी, अभी भी खतरा बरकरार
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का झुंड मरियमपुर से सटे कोडरमा जंगल से आया था. घटना के बाद भी हाथी उसी जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं. कुछ लोगों ने हाथियों के झुंड को कोडरमा घाटी की ओर जाते हुए भी देखा है, जिससे खतरा अभी टला नहीं है.

इलाके में भय का माहौल, लोग सतर्क
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं. प्रशासन और वन विभाग को सतर्क रहने के लिए कहा गया है. लोगों ने मांग की है कि हाथियों को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से जंगल में खदेड़ा जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *