जंगली हाथियों के आतंक से झारखंड दहला, आठ दिन में पश्चिम सिंहभूम में 19 मौतें

Share this News:

झारखंड के विभिन्न जिलों में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हजारीबाग, गढ़वा और पश्चिम सिंहभूम जिलों में अलग अलग घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हाथियों के हमले में हो गई है। जंगल से सटे गांवों में लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। पश्चिम सिंहभूम जिले में ही बीते आठ दिनों में हाथियों के हमले से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड स्थित बनहा गांव में शुक्रवार सुबह बरमुहल्ला तालाब के पास एक किसान को हाथी ने कुचल कर मार डाला। वहीं गढ़वा जिले के चिनिया वन क्षेत्र के चिरका आमा टोला गांव में हाथी ने घर में सो रही 52 वर्षीय गीता देवी को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के वक्त उनके पति प्रभु कोरवा भी घर में मौजूद थे।

पश्चिम सिंहभूम में दो ग्रामीण और वनकर्मी की मौत

पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड के बेनीसागर में हाथी के हमले से दो ग्रामीणों और एक वनकर्मी की मौत हो गई। मृतकों में तिलोकुटी गांव निवासी प्रकाश दास 40 वर्ष और दामोदर कुल्डी 8 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा दोपहर में बेनीसागर में वनकर्मी सुकलाल बेसरा को हाथी ने पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनकी बाद में मौत हो गई।

इन घटनाओं के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई है और ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। वन विभाग की टीमें हाथियों की निगरानी में जुटी हैं, लेकिन जंगल और आबादी के बीच दूरी कम होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

मुख्यमंत्री ने जंगली हाथियों पर नियंत्रण के दिए निर्देश

हाथियों द्वारा लगातार हो रही मौतों पर राज्य सरकार ने गंभीर चिंता जताई है। कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्री दीपक बिरुवा ने बताया कि पश्चिम सिंहभूम में अब तक 18 लोगों की जान हाथियों के हमले में जा चुकी है। इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ परितोष उपाध्याय से बात कर तत्काल हालात की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री को बताया गया कि हाथियों को ओड़िशा सीमा के पास तक खदेड़ा गया है और अब उन्हें ट्रैंक्यूलाइज कर ट्रकों के माध्यम से ओड़िशा स्थित सेल्टर होम भेजने की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इस स्थिति पर काबू पाया जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *