राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और रांची पुलिस ने देर रात एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया. इस कार्रवाई में टीम ने करीब दो क्विंटल (200 किलोग्राम) गांजा बरामद किया है और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद एनसीबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित डोड़ेया मोड़ के पास घेराबंदी की. चेकिंग के दौरान टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका. तलाशी लेने पर वैन से भारी मात्रा में छिपाकर रखा गया करीब दो क्विंटल गांजा बरामद हुआ.
ओडिशा से हो रही थी तस्करी
जांच में यह बात सामने आई है कि जिस पिकअप वैन से गांजा लाया जा रहा था, उस पर ओडिशा राज्य का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से गाड़ी के चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पूछताछ
फिलहाल पुलिस और एनसीबी की टीम गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह खेप कहां ले जाई जा रही थी और इस तस्करी के गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.









