जमशेदपुर: जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में बिंदल मॉल में हुई गोलीबारी घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपराधियों की तस्वीर जारी की है. साथ ही उन पर इनाम की भी घोषणा की है. जमशेदपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं पुलिस प्रशासन के लिए एक चुनौती बन गई हैं.
इधर, सोनारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना में चार लोगों को गोली लगी है, जिनका इलाज TMH में चल रहा है. सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले तीनों अपराधियों की पहचान की गई है, जिस पर पुलिस इनामी की घोषणा की है.
जिला पुलिस द्वारा बाइक सवार तीन अपराधियों की तस्वीर जारी की गई है और उन पर एक-एक लाख का इनाम रखा गया है. तीनों अपराधियों की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र छाया नगर निवासी अजित मंडल, सोनारी थाना क्षेत्र आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी मोहन यादव के रूप में हुई है. हालांकि, तीसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि तीनों अपराधियों की जानकारी देने वाले को इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी.
विगत, तीन दिनों के अंदर बैंक डकैती, ज्वेलरी दुकान में चोरी और रेस्टोरेंट में गोलीबारी जैसी घटनाएं शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. इन घटनाओं को देखते हुए अब जमशेदपुर पुलिस अपराधियों की पकड़ धकड़ के लिए आम जनता का सहारा ले रही है. वहीं, गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले पांच डकैतों पर दो-दो लाख के इनाम की घोषणा की गई है. पुलिस सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखेगी.










