JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज T20, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी फैंस की नजरें

Share this News:

रांची: जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा. भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे रांची में खेला जाएगा. इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. 15 सदस्यीय टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जगह मिली है, जबकि झारखंड के लोकल बॉय ईशान किशन भी टीम का हिस्सा होंगे.

वैभव सूर्यवंशी के टीम में शामिल होने के बाद रांची में होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है. युवा बल्लेबाज की आक्रामक बल्लेबाजी पर दर्शकों की खास नजर रहेगी. हालांकि, अंतिम प्लेइंग इलेवन में उन्हें मौका मिलता है या नहीं, यह टीम संयोजन पर निर्भर करेगा. दूसरी ओर ईशान किशन के लिए रांची का मुकाबला खास होगा. घरेलू दर्शकों के सामने उन्हें बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग करते देखने का इंतजार फैंस को रहेगा.

श्रेयस अय्यर संभालेंगे टीम की कमान

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे. विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन और संजू सैमसन टीम में शामिल हैं. भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं गेंदबाजी के लिए कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव को जगह दी गई है.

जेएससीए में तैयारियां पूरी, प्रशासन से लगातार समन्वय

रांची में मुकाबले को लेकर जेएससीए की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि मैच के आयोजन को लेकर हर स्तर पर तैयारी मुकम्मल कर ली गई है. प्रशासनिक स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत और समन्वय किया जा रहा है, ताकि मैच के दिन दर्शकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.

उन्होंने बताया कि टिकटों की बिक्री पहले की तरह ही व्यवस्था के तहत होगी. टिकटों की आधिकारिक तारीख और कीमतों की घोषणा जेएससीए की ओर से की जाएगी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक टिकटों की बिक्री 5 या 6 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है. दर्शकों को ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन टिकट खरीदने का विकल्प भी मिल सकता है. स्टेडियम में ऑफलाइन बिक्री के लिए छह टिकट काउंटर बनाए जाने की व्यवस्था की गई है.

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर भी फोकस

अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अजय नाथ शाहदेव के मुताबिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है. प्रशासन और जेएससीए के बीच लगातार समन्वय के जरिए प्रवेश, निकास और दर्शकों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

अब रांची के क्रिकेट प्रेमियों की नजर 9 अक्टूबर पर है. जेएससीए स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में जहां टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, वहीं वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और स्थानीय स्टार ईशान किशन का प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र रहेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *