श्रावण मास में बाबा धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क और रेल, दोनों माध्यमों से सुविधा बढ़ाने की तैयारी की गयी है. कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड से प्रतिदिन 12 बसों का नियमित परिचालन हो रहा है और इनमें एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है. वहीं, समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूरी बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है. दूसरी ओर, श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों और कांवरियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी रांची होकर नेताजी सुभाष चंद बोस इतवारी-मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों के परिचालन की भी तैयारी है.
सीट का किराया 550 और स्लीपर का किराया 600 रुपए
बता दें, वर्तमान में रांची से देवधर के लिए पूरे वर्ष 12 बसों का परिचालन होता है. इन बसों की ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से बुकिंग की जा रही है. बसों में सीट का किराया 550 रुपए और स्लीपर का किराया 600 रुपए निर्धारित है. 35 श्रद्धालुओं के समूह के लिए पूरी बस की सुविधा सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार और समूह के साथ देवघर जाना पसंद करते हैं. इसे देखते हुए बस ऑनर्स एसोसिएशन रांची ने ग्रुप बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है. एसोसिएशन के अध्यक्ष अशफाक आजम ने बताया कि यदि कम से कम 35 श्रद्धालुओं का समूह होता है, तो उनकी सुविधा के अनुसार पूरी बस उपलब्ध कराई जाएगी.
जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जा सकती हैं बसें रांची से देवधर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर झारखंड प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन बसों की संख्या बढ़ा सकता है. एसोसिएशन के अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि सावन में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मेला परमिट लेकर पांच से 10 अतिरिक्त बसों का परिचालन किया जा सकता है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
देवघर में 40 और दुमका में 25 अफसरों की प्रतिनियुक्ति
राज्य सरकार ने श्रावणी मेला के मद्देनजर देवधर व दुमका में झारखंड प्रशासनिक सेवा के कुल 65 अफसरों को प्रतिनियुक्त किया है. देवघर में उप समाहर्ता स्तर के 40 अफसरों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. वहीं दुमका जिले में 23 अफसरों को लगाया जा रहा है, जो उप समाहर्ता स्तर के है और ट्रेनिंग पीरियड में है. वहीं दुमका में उप सचिव स्तर के और दो अफसरों को लगाया जा रहा है. इन्हें मेला के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के साथ ही भीड़ व अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने की जिम्मेवारी दी गयी है. सभी अफसर 27 जुलाई से 28 अगस्त तक अपने-अपने जिलों में तैनात रहेंगे, वहीं उप सचिव स्तर के दोनों अफसर विनोद कुमार कर्मकार व आशुतोष कुमार ओझा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक वहां रहेंगे. इधर, पुलिस मुख्यालय ने सब-इंस्पेक्टर समेत 27 पुलिस पदाधिकारी की तैनाती देवघर और दुमका के वासुकिनाथ धाम में की है. इनकी तैनाती 25 जुलाई से 31 अगस्त तक प्रभावी रहेगी, वहीं, वायरलेस के 90 पुलिस ऑपरेटरों को देवघर जिले में प्रतिनियुक्त किया गया है.
रांची होकर इतवारी-मधुपुर स्पेशल ट्रेन चलेगी, बढ़ेंगे फेरे
श्रावणी मेला के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों और कांवरियों की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल (वाया रांची) ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन संख्या 08895 एक से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार को इतवारी स्टेशन से चलेगी. इस ट्रेन का इतवारी प्रस्थान सुबह 04:30 बजे, गोंदिया प्रस्थान सुबह 6:30 बजे, दुर्ग प्रस्थान सुबह 8:37 बजे, रायपुर प्रस्थान सुबह 9:35 बजे, बिलासपुर प्रस्थान सुबह 11:50 बजे, झारसुगुड़ा प्रस्थान शाम 4:17 बजे, राउरकेला प्रस्थान शाम 6:30 बजे, ओड़गा प्रस्थान शाम 7:12 बजे, बानो प्रस्थान शाम 7:40 बजे, पोकला प्रस्थान रात 8:07 बजे, हटिया प्रस्थान रात 8:50 बजे, रांची प्रस्थान रात 9:20 बजे, मुरी प्रस्थान रात 10:47 बजे, झालदा प्रस्थान रात 11:05 बजे, कोटशिला प्रस्थान रात 11:30 बजे, बोकारो स्टील सिटी प्रस्थान रात 12:10 बजे, धनबाद प्रस्थान रात 2:20 बजे, चितरंजन प्रस्थान सुबह 4:16 बजे एवं मधुपुर आगमन सुबह 6:00 बजे होगा.
वहीं, ट्रेन संख्या 08896 दो से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से खुलेगी. इस ट्रेन का मधुपुर प्रस्थान सुबह 9:00 बजे, चितरंजन प्रस्थान सुबह 9:40 बजे, धनबाद प्रस्थान दोपहर 12:15 बजे, बोकारो स्टील सिटी प्रस्थान दोपहर 2:40 बजे, कोटशिला प्रस्थान दोपहर 3:20 बजे, झालदा प्रस्थान दोपहर 3:35 बजे, मुरी प्रस्थान शाम 4:02 बजे, रांची प्रस्थान शाम 5:50 बजे, हटिया प्रस्थान शाम 6:10 बजे, पोकला प्रस्थान शाम 7:02 बजे, बानी प्रस्थान शाम 7:30 बजे, ओड़गा प्रस्थान रात 8:07 बजे, राउरकेला प्रस्थान रात 9:33 बजे, झारसुगुड़ा प्रस्थान रात 11:40 बजे प्रस्थान होगा.









