असम में होने वाले विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झारखंड के गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को हेलीपैड की स्वीकृति नहीं दिए जाने का /मामला सामने आया है. कल्पना सोरेन रविवार को असम में तीन विधानसभा क्षेत्र में जनसभा नहीं कर पाईं. असम के खुमताई, नहरकटिया और मार्गेरीटा विधानसभा क्षेत्र में श्रीमती सोरेन को चुनावी सभा करना था. इस बात की जानकारी उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर दी.
फोन से किया संबोधित
कल्पना सोरेन ने एक्स पर लिखा है कि दुर्भाग्यवश प्रशासन द्वारा हेलीपैड की स्वीकृति नहीं दी गयी. इसी कारण नहीं जा सकी. श्रीमती सोरेन ने मार्गेरीटा विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में सड़क मार्ग से होते जाने के क्रम में खमताई और नहरकटिया की सभा को फोन से संबोधित किया.
सरकार पर साधा निशाना
कल्पना सोरेन ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि असम में हम जिस लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं, उसमें इस तरह की रुकावटों का अंदेशा हमें पहले से था. सत्ता में बैठे लोग हमारी आवाज को रोकने, हमारे कदमों को थामने और जनता तक हमारे संदेश को पहुंचने से रोकने की हर संभव कोशिश करेंगे. सत्ता में बैठे लोग रास्ता रोक सकते हैं, लेकिन जनाक्रोश नहीं राेक सकते हैं. हेलीकॉप्टर रोक सकते हैं, लेकिन जनता के इरादे नहीं रोक सकते हैं. आप मंच छीन सकते हैं, लेकिन आंदोलन की आवाज़ नहीं दबा सकते. असम की अंहकारी सरकार को जनता जवाब देगी.










