हाईकोर्ट के निर्देश पर रिम्स की जमीन खाली, कई मकान और बाउंड्री तोड़ी गई

Share this News:

झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी में कई दिनों तक चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद आज शनिवार को डीआईजी ग्राउंड और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाया गया।

डीआईजी ग्राउंड के चारों ओर चलाए गए अभियान के दौरान कई अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में कुछ आवासीय मकानों और अपार्टमेंट की बाउंड्री भी हटाई गई। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बहन ने दो महीने पहले ही संबंधित अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब इस कार्रवाई से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई परिवारों में मायूसी देखी गई। लोग अपने भविष्य को लेकर चिंतित नजर आए और राज्य सरकार से सवाल करते दिखे कि अब वे कहां जाएंगे। इस दौरान बच्चों के रोने-बिलखने के दृश्य भी सामने आए।

प्रशासन का कहना है कि रिम्स की सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था, जिससे अस्पताल के विस्तार कार्य, एंबुलेंस के आवागमन, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन, नगर निगम और रिम्स प्रबंधन की संयुक्त टीम ने यह अभियान शुरू किया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रखा जाएगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *