जामताड़ा प्रेस क्लब की बैठक बुधवार को गांधी मैदान के समीप अस्थायी कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार धनेश्वर सिंह “काल कवि” ने की, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए पत्रकार साथी शामिल हुए।
बैठक में क्लब के बायलॉज को पढ़कर सभी सदस्यों को सुनाया गया और ध्वनि मत से इसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास किए गए। प्रस्तावों के तहत ऐसे समूह सदस्य जिन्हें विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में नामित किया गया था, पर कुछ कारणों से उन्होंने समूह छोड़ दिया या किसी पद पर चुनाव लड़ने की स्वघोषणा की, उन्हें हटाकर नए सदस्यों को शामिल किया गया।
इस क्रम में अनुश्रवण समिति से धनेश्वर सिंह और मनीष बर्नवाल को हटाकर विधान चंद्र दास और सुमन भट्टाचार्य को नामित किया गया। चुनाव संचालन समिति से मनीष बर्नवाल और रघुवंश सहाय को हटाकर मुख्तार आलम और दीनबंधु राउत को शामिल किया गया।
नयी चुनाव आचार संहिता समिति का गठन भी किया गया, जिसमें देवेश कुमार, विष्णु मंडल और चंदन सिन्हा को सदस्य बनाया गया। मतदान के लिए अजीत कुमार (P1), राजीव झा (P2) और सिराज अंसारी (P3) का चयन किया गया, जबकि उनके सहयोगी के रूप में दीनबंधु राउत, काजल राय चौधरी और रंजीत गोस्वामी को नामित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मतदान के बाद मतगणना का कार्य भी P1, P2 और P3 की देखरेख में किया जाएगा।
सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए पूरे मतदान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। साथ ही प्रेस क्लब के सदस्यों ने अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर चुनाव से संबंधित सभी तिथियों की जानकारी लिखित रूप में प्राप्त की और सहयोग का आग्रह किया।










