लालू परिवार को बड़ा झटका: राबड़ी–तेज प्रताप दोनों को छोड़ना होगा सरकारी बंगला

Share this News:

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी व बिहार के पूर्व सीएम राबड़ी देवी के बाद उनके बड़े लाल व जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को भी सरकारी आवास खाली करना होगा। अभी 26 M स्ट्रैंड रोड पर तेज प्रताप का आवास है। अब ये आवास भवन निर्माण विभाग ने पहली बार मंत्री बने लखिंदर कुमार रौशन को आवंटित कर दिया है। हसनपुर से विधायक होने के नाते तेज प्रताप यादव 26 M स्ट्रैंड रोड आवास में रह रहे थे। लेकिन इस बार वो चुनाव नहीं जीत पाए। तेज प्रताप ने इस बार हसनपुर से न लड़कर महुआ से मैदान में उतरने का फैसला किया लेकिन ये फैसला उनके पक्ष में नहीं रहा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ‘लहर’ में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, तेज प्रताप यादव की मां राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड वाला आवास छोड़ना होगा। उन्हें नया सरकारी आवास दिया गया है। सरकारी विभाग के आदेश के मुताबिक, राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड पर केंद्रीय पूल आवास में शिफ्ट किया गया है। उन्हें यहां पर मकान नंबर-39 मिला है। यह घर उन्हें नेता प्रतिपक्ष के कोटे के तहत मिला, जबकि अभी तक 10 सर्कुलर रोड पूर्व मुख्यमंत्री कोटे का बंगला उनके ही नाम से मिला हुआ था। भवन निर्माण विभाग ने मंगलवार यानी 25 नवंबर को मंत्रियों और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के लिए नए सरकारी आवासों का बंटवारा किया।

आपको बता दें कि राबड़ी देवी को मिला हार्डिंग रोड स्थित नया आवास वीआईपी जोन में है। यह आवास नेता प्रतिपक्ष के लिए निर्धारित सुरक्षा और सुविधाओं के साथ है। इसके साथ ही नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को भी सरकारी आवास बांटे गए हैं। विभाग द्वारा दिए गए आदेश में मंत्रियों को उनके विभाग और सुरक्षा आवश्यकताओं के आधार पर हार्डिंग रोड, स्ट्रैंड रोड, डाकबंगला, देश रतन मार्ग और सचिवालय क्षेत्र में स्थित आवास बांटे गए हैं।

इसके अलावा उपमुख्यमंत्री एवं राज्य के नए गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पांच देशरत्न मार्ग स्थित उच्च श्रेणी का आवास दिया गया। इन आवासों को सुरक्षा के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री एवं खनन मंत्री विजय कुमार सिन्हा को तीन स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी बंगला दिया गया है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *