आज झारखंड की राजनीति से जुड़ी एक ऐसी दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच लिया है। आमतौर पर सोशल मीडिया पर नेताओं के बयान, वीडियो या घोषणाएँ ट्रेंड करती है लेकिन इस बार सुर्खियों में है एक शादी का कार्ड।
जी हाँ एक शादी का कार्ड है जो सुर्ख़ियों में है। टुंडी विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले ताहिर नामक एक युवा की शादी का कार्ड खूब वायरल हो रहा है. उन्होंने अपनी शादी के कॉर्ड में दूल्हा-दुल्हन की जगह किसी और जोड़े की तस्वीर लगा है जिसके बाद इस पर हलचल मच गई है.
दरअसल ये धनबाद के एक जेएमएम कार्यकर्ता जिनका कार्ड देखकर लोग पहले तो चौंक गए, उन्हें लगा कि शायद यह किसी राजनीतिक कार्यक्रम का निमंत्रण है। क्योंकि कार्ड पर दूल्हा-दुल्हन से ज्यादा चमक रहे हैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की तस्वीरें।
ताहिर हुसैन बताते हैं कि उनका झारखंड अस्मिता और राज्य की पहचान के प्रति गहरा झुकाव है. उनका मानना है कि आदिवासी अस्मिता झारखंड की संस्कृति और यहां की राजनीतिक नेतृत्व की असली पहचान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़ी है. इसलिए वह उन्हें न सिर्फ राज्य का सबसे बड़ा नेता मानते हैं बल्कि अपनी जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण दिन पर उन्हें सम्मान देने के उद्देश्य से उनके परिवार की तस्वीर को शादी कार्ड में शामिल किया है.
साथ ही उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण पहल नहीं है. बल्कि यह उनके भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है. उन्होंने जितने भी शादी के कार्ड छपवाए हैं. चाहे वे परिवार वालों के लिए हों दोस्तों के लिए या आम अतिथियों के लिए सभी में मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन की तस्वीर लगी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस कार्ड को केवल अपने परिचितों तक सीमित नहीं रखना चाहते बल्कि झारखंड के सभी विधायकों तक भी इसे निमंत्रण स्वरूप भेज रहे हैं. उनका उद्देश्य है कि उनकी शादी के कार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रति उनका सम्मान सभी तक पहुंचे.
सोशल मीडिया पर यह कार्ड अब तेजी से वायरल हो रहा है। जेएमएम समर्थक इसे कार्यकर्ताओं की निष्ठा और पार्टी के प्रति लगाव का एक अनोखा उदाहरण बता रहे हैं।










