गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरूडीह की मुखिया सपना कुमारी के लापता व फिर सकुशल बरामदगी मामले में मंगलवार को तेनुघाट स्थित कार्यालय में एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने प्रेस वार्ता की। बताया कि गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पलिहारी गुरूडीह की मुखिया की गुमशुदगी की शिकायत बीते 4 अक्टूबर को उनके परिजनों के द्वारा दर्ज कराई गई थी। चर्चित मामला एवं जनप्रतिनिधि होने के कारण एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में गठित की गई थी। थाना प्रभारी व एसआई मनोज कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान के क्रम में रांची के रातु थाना क्षेत्र अंतर्गत दलादली से मुखिया को बरामद किया।
वहीं मुखिया ने पूछताछ में बताया कि वे परिजनों को बिना बताए ही वह रांची में अपनी एक महिला मित्र के पास किसी काम से आई थी। किसी पर किसी प्रकार का कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं है। वहीं पूछताछ कर मुखिया को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी वर्तमान में वे अपने ससुराल गोमिया चली गई हैं। मालूम हो कि सूचना के आधार पर बीते 2 अक्तूबर से मुखिया लापता थी।










