रांची में रहने वाले लोगों को कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिल गई है। बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदला हुआ रहेगा, जिसका असर तापमान और लोगों के दैनिक जीवन पर साफ तौर पर दिखेगा।
अगले दो दिन बादल, बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 3 और 4 फरवरी को जिले में आसमान में बादल छाए रहेंगे। बादलों की मौजूदगी के कारण अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान लोगों को दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास होगा।
5 फरवरी से बदलेगा मिजाज
5 फरवरी से आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। बादल छंटने के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड फिर से महसूस होगी।
फरवरी के मध्य से गर्मी की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार, 15 फरवरी के बाद ठंड का असर लगभग खत्म हो जाएगा। सुबह और शाम में जो हल्की ठंड महसूस हो रही थी, उससे भी लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, 20 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। इस दौरान हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि यह सामान्य से कम रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।










