29 नवंबर से झारखंड में मौसम पलटेगा – बादल छाएंगे, बारिश की दस्तक संभव

Share this News:

बंगाल की खाड़ी से लेकर अंडमान सागर में तेजी से बदलाव के कारण झारखंड में 29 नवंबर से बादल छाएंगे और उसके बाद बारिश हो सकती है। वहीं सोमवार से अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह में कुहासे और आंशिक बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उसके पास अंडमान सागर के दक्षिणी भाग में गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। 24 नवंबर से यह निम्न दबाव चक्रवातीय तूफान का रूप ले सकता है। वहीं 25 नवंबर तक तमिलनाडु के कन्याकुमारी के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन निम्न दबाव क्षेत्र में बदलेगा। इस दो बड़े सिस्टम के बनने से 29 नवंबर से झारखंड में बादल छाएंगे। इसके बाद बारिश होने की संभावना है। इधर, बीते तीन दिनों में राज्य में ठंड की स्थिति सामान्य रही। रांची का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया।

झारखंड में ठंड बढ़ने के आसार, तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट की संभावना
वार्ता के अनुसार, झारखंड राज्य में ठंड के बढ़ने के आसार हैं, लेकिन किसी बड़ी मौसमी प्रणाली का असर नहीं है। रांची मौसम कार्यालय के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं लगातार सक्रिय हैं, जिसके चलते पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा। साहेबगंज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर-नीचे रहा। सुबह के समय आर्द्रता 80 से 95 प्रतिशत तक पहुंची। आने वाले दिनों में भी सुबह हल्की धुंध या कोहरा छाने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, दिन के समय आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने से मौसम आरामदायक रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में किसी तरह की चेतावनी जारी करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि मौसम सामान्य बना रहेगा।

23 से 26 नवंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 8 से 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। कोडरमा, चतरा, पलामू, लातेहार और गढ़वा जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से घटकर 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजधानी रांची, हजारीबाग और रामगढ़ में भी ठंड में वृद्धि होगी, जहां अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री तक आने की संभावना है। उत्तरी-पूर्वी जिलों धनबाद, देवघर, गिरिडीह और दुमका में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है। दक्षिणी झारखंड में भी ठंड धीरे-धीरे बढ़ेगी।

मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, गुमला और कोडरमा में सुबह के वक्त हल्का कोहरा और धुंध बने रहने की संभावना है। वहीं दक्षिणी जिलों जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भी सुबह दृश्यता प्रभावित हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू और लातेहार में भी मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह हल्की धुंध छा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 नवंबर को सुबह हल्की धुंध और दिन में छिटपुट बादल दिखाई दे सकते हैं, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। शाम के वक्त कई इलाकों में आर्द्रता घटकर 40 से 60 प्रतिशत तक आने से मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि बदलते तापमान को देखते हुए गर्म कपड़ों की तैयारी कर लें, क्योंकि 24 नवंबर के बाद पूरे राज्य में कनकनी महसूस होगी और ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *