मोकामा (हाथीदह): शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाथीदह थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शनिवार को एक खाली नजर आने वाली पिकअप वैन से लाखों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हाथीदह के एडिशनल एसएचओ राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई मध्य निषेध इकाई से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दरियापुर गांव के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। ड्राइवर द्वारा भागने की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को जब्त कर थाना लाया।
पहली नज़र में पिकअप वैन पूरी तरह खाली नजर आ रही थी, लेकिन जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। वाहन के भीतर लोहे की चादरों से कई तहखाने बनाए गए थे। जब इन तहखानों को खोला गया, तो उनमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छुपाई गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि यह शराब झारखंड से लाई जा रही थी और बेगूसराय में खपाने की योजना थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।










