अर्जुन मुंडा ने मां को याद कर लिखा भावुक पोस्ट, बोले- अब आपकी आवाज सुनाई नहीं देगी

Share this News:

मां से बिछड़ने का दर्द शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता. झारखंड के पूर्व सीएम एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी इन दिनों इसी भावनात्मक पीड़ा से गुजर रहे हैं. मां सायरा मुंडा के निधन के चार दिन बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने मन की बात लिखी है. उनकी पोस्ट की एक पंक्ति ने हर किसी को भावुक कर दिया. उन्होंने लिखा, “कभी सोचा नहीं था कि एक सुबह ऐसी भी होगी, जब आपसे बात करने की इच्छा होगी, लेकिन आपकी आवाज सुनाई नहीं देगी.”

हर सुबह मां से बात करके होती थी दिन की शुरुआत
अर्जुन मुंडा ने अपनी पोस्ट में मां को याद करते हुए लिखा, “मां को सादर प्रणाम… हर सुबह की शुरुआत आपसे होती थी, आपसे बातें करके होती थी. आज आप हम सभी के बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी स्मृतियां सदैव मेरे हृदय में एक अमूल्य धरोहर के रूप में जीवित रहेंगी.” उन्होंने लिखा कि मां के जाने से जीवन में जो रिक्तता आई है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता. उनकी स्नेहभरी बातें, वात्सल्य, चिंता और आशीर्वाद जीवन के प्रत्येक क्षण में याद आएंगे.

मां का आशीर्वाद जीवन की अंतिम सांस तक रहेगा साथ
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मां का भौतिक सान्निध्य भले ही अब नहीं रहा, लेकिन उनकी अनुभूति जीवन की अंतिम सांस तक साथ रहेगी. उनकी यादें हमेशा हृदय में जीवित रहेंगी.

घोड़ाबांधा आवास पर पहुंच रहे लोग, परिवार से जता रहे संवेदना
इधर, शायरा मुंडा के निधन के बाद जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी है. राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचकर दिवंगत शायरा मुंडा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं. अर्जुन मुंडा भी परिवार की परंपराओं और रीति-रिवाजों का पालन करते हुए इस कठिन समय में अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *