KBC 18 के सवाल पर विवाद, अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस

Share this News:

अमिताभ बच्चन का क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ एक बार फिर चर्चा में है. इस बार शो को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया है. पंजाब के संगरूर के एक वकील ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा है. मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से जुड़ा है. इस वीडियो में कथित तौर पर अमिताभ बच्चन शो के दौरान पंजाब के पुलिस थानों पर हुए बम हमलों से जुड़ा सवाल पूछते नजर आ रहे हैं.

वकील ने क्या आरोप लगाया?
वकील इंद्रजीत अरोड़ा का कहना है कि इस सवाल से पंजाब की छवि खराब होती है. उन्होंने मांग की है कि इस वीडियो को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए. साथ ही, अगर यह वीडियो KBC के किसी असली एपिसोड का हिस्सा है, तो अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए.

12.5 लाख रुपये के लिए पूछा गया था सवाल
‘द स्टेट्समैन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अरोड़ा ने यह वीडियो तब देखा, जब एक ग्राहक उनके पास इसका स्क्रीनशॉट और क्लिप लेकर पहुंचा. वीडियो में कथित तौर पर अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए सवाल पूछते दिखाई दे रहे हैं. सवाल में पूछा गया था कि किस राज्य में अपराधियों ने पुलिस थाने पर बम से हमला किया था. अरोड़ा ने सवाल की जरूरत पर भी सवाल उठाया. उनका कहना है कि यह सामान्य ज्ञान का सवाल होने के बजाय किसी राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला लगता है. इसी मामले में उन्होंने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी से जवाब मांगा है.

वीडियो की सच्चाई की जांच बाकी
इस पूरे मामले में अभी वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर इसे एआई से बनाया गया वीडियो भी बताया जा रहा है. ऐसे में यह साफ होना बाकी है कि वीडियो KBC के असली एपिसोड का है या नहीं. फिलहाल चैनल की ओर से इस मामले पर स्पष्टीकरण आने का इंतजार है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *