दुर्गा पूजा से पहले रांची में बिजली कटौती, CM हाउस समेत कई इलाकों में घंटों गुल रहेगी बिजली

Share this News:

रांची में दुर्गा पूजा को देखते हुए रांची में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए इज कई इलाकों में मरम्मत कार्य और पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी. इसके कारण शहर के अलग-अलग फीडरों से जुड़े इलाकों में सुबह से लेकर शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. कहीं सुबह 9 बजे तो कहीं 10 और 11 बजे से बिजली कटौती शुरू होगी. वहीं, सीएम हाउस फीडर से भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी.

हिंदपीढ़ी फीडर से धोबी गली तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. वहीं, मोरहाबादी फीडर और विद्युत शक्ति उपकेंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरम्मत कार्य किया जाएगा. इस दौरान हरिहर सिंह रोड, न्यू मोरहाबादी, कुसुम विहार, टैगोर हिल रोड, बिरसा कॉलोनी और करम टोली के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है.

तुपुदाना सब स्टेशन के हटिया, सिंह मोड़, बसारगढ़, सतरंजी, बालसिरिंग और तेतरी फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इसके अलावा एयरपोर्ट सब स्टेशन की लाइनों और ग्रिड में एबी स्विच की मरम्मत के कारण दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक एयरपोर्ट रोड, हिनू, हेथू, हुंडरू, मणि टोला और पीएचडी कॉलोनी प्रभावित होंगे.

सीएम हाउस फीडर से भी बंद रहेगी बिजली

दुर्गा पूजा को देखते हुए पेड़ों की डालियों की छंटाई और मरम्मत कार्य के कारण शनिवार को 11 केवी सीएम हाउस फीडर से सुबह 9 बजे से 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. अपर बाजार फीडर से सुबह 9 बजे से 11 बजे तक और शहीद चौक फीडर से सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इसका असर संबंधित फीडरों से जुड़े इलाकों में देखने को मिल सकता है.

राजभवन सब स्टेशन के 33 केवी फीडर को जोड़ने का काम किया जाएगा. इसके कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इस दौरान मैकी रोड, प्यादा टोली, महावीर चौक, श्रद्धानंद रोड, सेवा सदन, गांधी चौक, सुनार गली और टेलीफोन एक्सचेंज रोड के उपभोक्ता प्रभावित होंगे.

अनंतपुर फीडर से जुड़े इलाकों में भी कटौती

अनंतपुर फीडर में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी. इसके कारण निवारणपुर और मजिस्ट्रेट कॉलोनी में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. बिजली कटौती को देखते हुए उपभोक्ताओं को सलाह है कि वे अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें. बिजली पर निर्भर उपकरणों को लेकर भी पहले से तैयारी रखें, ताकि निर्धारित समय के दौरान परेशानी से बचा जा सके.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *