CM हेमंत का बड़ा निर्देश: सड़क के साथ ड्रेनेज जरूरी, रांची में बंद होंगे अनावश्यक रोड कट

Share this News:

Ranchi Development Plan: शहरों के विकास को अब सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाएगा. शहरों के लिए दीर्घकालिक रोड मैप तैयार किया जाएगा, जिसमें ड्रेनेज, यातायात, वेंडिंग, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, हरित क्षेत्र और नागरिक सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा. सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के साथ ही वेंडर्स के लिए हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास तथा पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया.

शहरों के विकास की बनेगी दीर्घकालिक कार्य योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए. शहरों का विकास केवल रांची तक सीमित नहीं होना चाहिए. राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित किया जाए. बैठक में शहरों को जोनवार विभाजित कर विकास की कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया.

सड़क के साथ ड्रेनेज व्यवस्था भी होगी जरूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सड़क निर्माण की मूल परियोजना और डिजाइन में ही ड्रेनेज व्यवस्था को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए. सड़क के दोनों किनारों पर जल निकासी और पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह का प्रावधान हो. बारिश के दौरान जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने को कहा गया. पहले से बनी सड़कों पर जलजमाव की समस्या वाले स्थानों का तकनीकी अध्ययन कर ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया गया.

हर वार्ड में बनेगा वेंडर मार्केट
सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया. उन्होंने कहा कि हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित किया जाए. इससे सड़क किनारे अनियोजित बाजार और दुकानों के कारण लगने वाले जाम को कम किया जा सकेगा. कहा कि शहर को व्यवस्थित करने के नाम पर वेंडर्स की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए.

लटकते केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटकते बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. खंभों में लिपटे और पेड़ों की शाखाओं पर लटक रहे अनावश्यक एवं अनुपयोगी तारों को चिह्नित कर हटाने को कहा गया. नए केबल बिछाने के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने और बार-बार सड़क की खुदाई से बचने के लिए विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वित व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया गया.

रांची में अनावश्यक रोड कट होंगे बंद
रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने का निर्देश दिया. वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने को कहा गया. बैठक में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए बसों के रूट एवं समय-सारिणी का डेटा तैयार करने का निर्देश दिया गया.

समीक्षा बैठक में सीएम के प्रमुख निर्देश
शहरों को जोनवार विभाजित कर विकास की योजना बनायें.
सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज व्यवस्था भी विकसित करें.
हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट बनायें.
राजधानी में लटकते तारों को तत्काल व्यवस्थित करें.
बसों के रूट एवं समय-सारिणी का डेटा तैयार करें.
शहर को व्यवस्थित करने के नाम पर वेंडर्स की आजीविका प्रभावित नहीं हो, इसका ध्यान रखें.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *