झारखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत 22 और 23 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर लगाया जायेगा. दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर में मतदाता सूची से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा सकेंगी. ऐसे में जिन पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है या मतदाता सूची में किसी तरह का संशोधन कराना है, उनके लिए यह महत्वपूर्ण मौका है.
18 साल की उम्र पूरी करने वालों के लिए नाम जुड़वाने का मौका
ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या अर्हता तिथि 01 अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी होने वाली है, मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं. इसके लिए झारखंड के किसी मतदान केंद्र क्षेत्र का सामान्य निवासी होने की स्थिति में फॉर्म 6 और आवश्यक घोषणा पत्र भरकर जमा किया जा सकता है.
परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक बूथ पर
यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या मौजूदा मतदान केंद्र घर से दूर है, तो फॉर्म 8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है. इसके जरिये परिवार के सदस्यों का नाम नजदीकी मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की सुविधा उपलब्ध है.
बूथ पर नहीं पहुंच सकें तो ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
जो नागरिक विशेष शिविर में नहीं पहुंच सकते, वे ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINET App का इस्तेमाल किया जा सकता है. किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 18003311950 और Voter Helpline 1950 जारी किया गया है.
मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया, फॉर्म डाउनलोड करने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट देखी जा सकती है.










