विधानसभा घेराव से पहले राजधानी में बढ़ी हलचल, JPSC-JSSC आंदोलन को छात्रों का जोरदार समर्थन

Share this News:

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव की अपील का जबरदस्त असर राजधानी रांची में देखने को मिल रहा है. राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र ट्रेन, बस और निजी वाहनों के जरिए रांची पहुंच रहे हैं. रविवार शाम तक छात्रों के रांची पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा.

रांची रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड और शहर के प्रमुख इलाकों में छात्रों की भीड़ नजर आ रही है. अलग-अलग जिलों से आने वाली ट्रेनों और बसों से बड़ी संख्या में छात्र राजधानी पहुंच रहे हैं. रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद कई छात्र समूहों ने नारेबाजी भी की और आंदोलन स्थल की ओर रवाना हुए.

छात्रों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था को लेकर उनकी लंबे समय से मांग रही है. इसी मुद्दे को लेकर 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का आह्वान किया गया है. छात्रों का कहना है कि विधानसभा घेराव के जरिए वे अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना चाहते हैं.

स्टेशन से बस स्टैंड तक छात्रों की भीड़

रविवार को रांची पहुंचने वाले छात्रों में बड़ी संख्या राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले युवाओं की रही. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर छात्रों के समूह नजर आए. कई छात्र अपने साथ आंदोलन से जुड़े बैनर और पोस्टर लेकर भी पहुंचे. रांची पहुंचने के बाद छात्र निर्धारित आंदोलन स्थल की ओर जाते दिखाई दिए.

पुलिस भी अलर्ट, चल रहा सघन जांच अभियान

छात्रों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट मोड में है. रांची रेलवे स्टेशन समेत शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की ओर से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है. प्रशासन की नजर छात्रों की लगातार बढ़ती संख्या और शहर में उनकी आवाजाही पर बनी हुई है.

सोमवार को विधानसभा घेराव, प्रशासन की बढ़ी सक्रियता

10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर राजधानी में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल भी बढ़ गई है. छात्रों की अपील के बाद जिस तरह अलग-अलग जिलों से युवा रांची पहुंच रहे हैं, उससे साफ है कि विधानसभा घेराव को लेकर छात्र संगठनों की तैयारियों का असर दिखाई देने लगा है. अब सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान छात्रों की संख्या और प्रशासन की तैयारियों पर सभी की नजर रहेगी.

संथाल क्षेत्र से रांची के लिए रवाना

रविवार देर शाम देवघर से रांची जाने वाली ट्रेनों में कांवरियों के साथ-साथ छात्रों की भी भारी भीड़ देखने को मिली. रांची-दुमका-गोड्डा ट्रेन से सैकड़ों की संख्या में छात्र रांची के लिए रवाना हुए. वहीं जसीडीह, जामताड़ा और मधुपुर स्टेशन से भी बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचने की तैयारी में हैं. रांची जा रहे छात्रों का कहना है कि सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से छात्र काफी परेशान और हताश हैं. उनका कहना है कि मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता.

छात्रों ने कहा कि अगर युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर सजग नहीं होंगे, तो सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित करना मुश्किल होगा. इसी उद्देश्य से बड़ी संख्या में छात्र सोमवार को विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए रांची रवाना हो रहे हैं. JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में पिछले कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है.

बिहार, छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों से भी पहुंचे छात्र

आंदोलनकारी छात्रों ने दावा किया कि झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे हैं. छात्रों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आए छात्र भी आंदोलन के समर्थन में उनके साथ खड़े हैं. कई छात्र विधानसभा के आसपास के इलाकों में पहुंचकर डेरा डाल चुके हैं और घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी में हैं.

वार्ता विफल होने के बाद बढ़ा आंदोलन

रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत हुई थी. छात्रों को उम्मीद थी कि वार्ता के जरिए गतिरोध खत्म होगा और उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान निकलेगा. लेकिन बातचीत में सहमति नहीं बन सकी. वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव करने का फैसला किया. इसी के बाद देर रात से ही छात्रों का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर जाने का सिलसिला शुरू हो गया. सुबह तक बड़ी संख्या में छात्र अलग-अलग माध्यमों से विधानसभा की ओर रवाना हो चुके थे.

विधानसभा इलाके में पुलिस का कड़ा पहरा

छात्रों के विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. विधानसभा के आसपास के पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है. विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भी पुलिस बल तैनात है. प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस अधिकारियों की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *