बांकीपुर उपचुनाव आज: 422 बूथों पर मतदान, ड्रोन और वेबकास्टिंग से होगी निगरानी

Share this News:

बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, इस चुनाव में मैदान में उतरे 25 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी, मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं, सभी 422 मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग होगी, जबकि ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी.

422 बूथों पर कड़ी सुरक्षा, केंद्रीय बलों की तैनाती
मतदान के दौरान सभी बूथों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, बिहार पुलिस और एसएएफ के जवान तैनात रहेंगे, चुनाव को लेकर 16 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम तथा 42 सेक्टर पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.

डीएम और एसएसपी ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मतदान कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को भयमुक्त माहौल में निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया, उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं और मतदान समय पर शुरू हो, इसके लिए मतदान दल रात में ही बूथों पर पहुंचेंगे.

वहीं एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने केंद्रीय बलों और जिला पुलिस के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

25 प्रत्याशी, इसलिए लगेंगी दो बैलेट यूनिट
चुनाव में 25 प्रत्याशी होने के कारण प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो बैलेट यूनिट लगाई जाएंगी, इसके साथ 422 कंट्रोल यूनिट और 422 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा.

3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता हैं, इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं, 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 तथा 1,024 दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, वहीं 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 4,998 युवा पहली बार मतदान करेंगे.

422 मतदान केंद्र, 30 आदर्श बूथ
पूरे विधानसभा क्षेत्र में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 187 मतदान भवनों में स्थित हैं, इनमें 29 चलंत मतदान केंद्र, 247 सरकारी भवनों और 175 निजी भवनों में बूथ बनाए गए हैं, इसके अलावा 30 आदर्श मतदान केंद्र, एक महिला मतदान केंद्र, एक युवा मतदान केंद्र और एक दिव्यांग अनुकूल मतदान केंद्र भी बनाया गया है.

मतदान केंद्र तक वाहन ले जाने की सुविधा
मतदाता मतदान केंद्र से 100 मीटर पहले तक वाहन ले जा सकेंगे, वहां पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, मोबाइल फोन मतदान केंद्र के बाहर निर्धारित स्थान पर रखा जा सकेगा, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है.

जिला स्तर पर बनाए गए नियंत्रण कक्ष
चुनाव की निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0612-2999721 / 2999723 है, वहीं डीसीएलआर पटना सदर कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का नंबर 0612-2999446 / 2999447 है.

इन 12 पहचान पत्रों से भी कर सकेंगे मतदान
यदि मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नहीं है, तो चुनाव आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर मतदान किया जा सकता है, इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, यूनिक दिव्यांग पहचान पत्र (यूडीआईडी), केंद्र या राज्य सरकार का फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर का फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, एनपीआर स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड तथा सांसद, विधायक या विधान पार्षद द्वारा जारी सरकारी पहचान पत्र शामिल हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *