राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आया है. यहां एक मां और उसके ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई. यह भयानक हादसा घर में कोयले के चूल्हे की वजह से हुआ है. इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
क्या है पूरा मामला
रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में कोयले के चूल्हे की वजह से बड़ा हादसा सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा की रहने वाली 40 वर्षीय पिंकी देवी अपने दो बच्चों और ननद के साथ चटकपुर स्थित एक किराये के मकान में रहती थी. शुक्रवार की रात पिंकी देवी ने कोयले के चूल्हे पर खाना पकाया और सभी ने एक साथ खाना भी खाया, लेकिन पिंकी कोयले के चूल्हे को कमरे से बाहर निकालना भूल गई और कमरा बंद करके सो गई.
शनिवार की सुबह जब काफी देर हो जाने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला तब दरवाजे को किसी तरह से खोला गया. जहां पिंकी देवी, उनके दोनों बच्चे और ननद बेहोश पड़े थे. स्थानीय लोगों के द्वारा ही सभी को अस्पताल ले जाया गया.
पिंकी देवी और ढाई साल के बेटे की मौत
अस्पताल में डॉक्टर ने बताया कि पिंकी देवी और उसके ढाई साल के बेटे की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी.
दम घुटने की वजह से दोनों की मौत हुई है. इस हादसे में पिंकी देवी का साढ़े तीन साल का बेटी और 17 साल की ननद की हालत बेहद गंभीर है. दोनों का इलाज किया जा रहा है.
पुलिस को दी गई जानकारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद रातू पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की. रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि मां और बच्चे की मौत दम घुटने की वजह से हुई है. कमरे से कोयले का चूल्हा बरामद किया गया है. कमरे में वेंटिलेशन का कोई रास्ता नहीं था, इस वजह से लोगों का दम घुट गया होगा. वहीं, मृतक पिंकी देवी की बेटी और ननद का इलाज चल रहा है.










