झारखंड में मानसून होगा एक्टिव, 4 से 8 जुलाई तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Share this News:

झारखंड में मौसम विभाग ने शनिवार यानी 4 जुलाई को राज्य के सभी 24 जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 6 जुलाई से 8 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राज्य में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.

5-7 जुलाई को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को लातेहार, पलामू, चतरा और गढ़वा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. सोमवार यानी 6 जुलाई को झारखंड के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, चतरा और रांची जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं. मंगलवार यानी 7 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मेदिनीनगर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मेदिनीनगर में 54.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. झारखंड में सबसे गर्म बोकारो थर्मल रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा. चाईबासा का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और जमशेदपुर में 33 डिग्री सेल्सियस रहा.

इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून 12 जून को झारखंड पहुंचा था. मॉनसून 30 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया. हालांकि जून महीने में राज्य में सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *