झारखंड के दो कुख्यात गैंगस्टरों के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। विदेश में बैठकर राज्य के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने वाले दो अलग-अलग गिरोहों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने गैंगवार की आशंका को और गहरा कर दिया है।
इस बीच सोशल मीडिया पर अपराधी राहुल सिंह द्वारा प्रिंस खान को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। राहुल सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि, “प्रिंस खान तैयार रहो, मेरे देश, मेरे काम और मेरे लोगों से उलझने का नतीजा जल्द मिलेगा। तुम दुनिया के जिस कोने में रहोगे, वहीं मारेंगे। दूसरों के परिवार की चिंता करने से पहले अपनी फैमिली को सुरक्षित कर लो। जल्द ही तुम्हारा हिसाब होगा।”
एक अन्य पोस्ट में राहुल सिंह ने धनबाद का जिक्र करते हुए कहा कि, “प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुंच जाएंगे।”
इन धमकी भरे पोस्ट के सामने आने के बाद झारखंड के अपराध जगत में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि दोनों गैंगों के बीच तनाव और बढ़ सकता है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस या किसी भी संबंधित एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।










