गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब-महुआ जब्त हनवारा में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज

Share this News:

गोड्डा जिला के हनवारा थाना क्षेत्र मैं आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरा कराने के उद्देश्य से हनवारा थाना पुलिस द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 लीटर अवैध देशी शराब और 20 क्विंटल महुआ जावा बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया

कई गांवों में चलाया गया छापेमारी अभियान
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी ध्रुव कुमार के नेतृत्व में हनवारा थाना क्षेत्र के हनवारा, कल्ली, मिल्की, झारयां, विश्वाखानी, बैजाचक और कोयला समेत अलग-अलग गांवों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कई स्थानों पर दबिश दी, जहां अवैध रूप से देशी शराब बनाने और उसके कारोबार की तैयारी की जा रही थी. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला महुआ जावा और तैयार देशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने जब्त किए गए करीब 300 लीटर देशी शराब और 20 क्विंटल महुआ जावा को नियम अनुसार प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही कई अवैध कारोबारी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

थाना प्रभारी ने क्या कहा?
थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि मोहर्रम पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा. किसी भी स्थिति में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हनवारा पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं आम लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे मुहर्रम पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *